उज्जैन। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचत की अपील के बाद अब ऊर्जा मंत्री ने खुद भी इसका पालन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को ग्वालियर में वे अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे और विकास कार्यों के कार्यक्रमों में ई-स्कूटर से पहुंचे।
इस दौरान उनके साथ न तो लंबा सरकारी काफिला दिखाई दिया और न ही समर्थकों की गाड़ियों की भीड़ नजर आई। मंत्री एक समर्थक के साथ साधारण ई-स्कूटर पर कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जबकि कुछ कार्यकर्ता दुपहिया वाहनों से उनके साथ चलते दिखाई दिए।
साढ़े तीन करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
शुक्रवार सुबह मंत्री बहोड़ापुर स्थित 24 बीघा कॉलोनी में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देने पहुंचे थे। कार्यक्रम में उनका स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके से ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अब कोई काफिला नहीं चलेगा
मंच से संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ने विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ लोगों को ईंधन बचत के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि अब ई-स्कूटर, साइकिल और अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बहुत जरूरी होने पर ही पेट्रोल और डीजल आधारित वाहनों का उपयोग किया जाए।
प्रद्युम्न सिंह तोमर ने स्पष्ट कहा कि अब उनके साथ किसी प्रकार का काफिला नहीं चलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जुलूस और लंबी वाहन रैलियों से बचने की सलाह देते हुए कहा कि वर्तमान समय में पेट्रोल-डीजल की बचत देश की प्राथमिकता बन चुकी है।
इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करना चाहिए
मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री ने कहा कि वे पहले भी स्कूटर से क्षेत्र में घूमते रहे हैं, लेकिन मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालातों के चलते यह अब देश की जरूरत बन गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सभी लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए और ईंधन की खपत कम करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।