नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में विस्फोटक भंडारण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सतत निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को एसडीएम जावद प्रीति संघवी, एसडीओपी जावद अमित राठौर, तहसीलदार प्रेम शंकर पटेल एवं नायब तहसीलदार बालकृष्ण मकवाना द्वारा सिंगोली तहसील के ग्राम फुसरिया, जराड़, सोलंकी खेड़ा, अथवा एवं खोलपुराबड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित मैगजीनों एवं भंडारण गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विस्फोटक भंडारण, सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था, अभिलेख संधारण एवं परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया। संबंधित लाइसेंसधारियों को विस्फोटक अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन द्वारा जन सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए विस्फोटक भंडारण स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। यह जानकारी एसडीएम जावद प्रीति संघवी ने दी।