नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत कृषि एवं संबद्ध विभागों- कृषि अभियांत्रिकी, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन आदि के माध्यम से किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर नवीन एवं वैज्ञानिक तकनीकी जानकारी कृषकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से खरीफ फसलों की बुवाई से एक माह पूर्व 16 मई से 10 दिवस तक प्रत्येक विकासखंड में कृषि रथ का भ्रमण किया जाएगा।
कृषि रथ शुभारंभ कार्यक्रम-
जिला मुख्यालय नीमच पर शनिवार, 16 मई को प्रातः 9:00 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान उनके नीमच स्थित शासकीय निवास से हरी झंडी दिखाकर कृषि रथ को रवाना करेंगे।
विकासखंड जावद के अठाना में 16 मई को प्रातः 8:00 बजे जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा एवं विकासखंड मुख्यालय मनासा में प्रातः 9:00 बजे मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू कृषि रथ को रवाना करेंगे। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
कृषि रथ प्रतिदिन 3 से 4 ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक, शासन की योजनाओं तथा कृषि से संबंधित विभागों की नवीन जानकारियां उपलब्ध कराएगा। यह जानकारी उपसंचालक कृषि दिनेश मंडलोई ने दी।