नीमच। शहर के लायंस पार्क सीआरपी रोड स्थित रतन स्वीट्स पर शुक्रवार शाम प्रशासन और नगरपालिका की संयुक्त कार्रवाई में जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया। छापेमारी के दौरान दुकान से सड़ा मावा, एक्सपायरी मिठाइयां, बासी खाद्य सामग्री और गंदगी के बीच रखे खाद्य पदार्थों का भारी जखीरा मिलने पर प्रशासन ने प्रतिष्ठान को तत्काल सील कर दिया।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर प्रशासन, खाद्य सुरक्षा विभाग, नगरपालिका और खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। जांच में एक क्विंटल से अधिक मावा सहित 73 प्रकार की खाद्य सामग्री जब्त की गई। इनमें मावा पेड़ा, चॉकलेट बर्फी, गुलाब जामुन, ब्रेड, पाव, क्रीम, पुरानी लस्सी, नमकीन, पेस्ट्री, डेयरी उत्पाद, फूड कलर सहित कई एक्सपायरी और संदिग्ध खाद्य पदार्थ शामिल हैं।
खराब खाद्य सामग्री को नगरपालिका की ट्रैक्टर-ट्रॉली से डंपिंग ग्राउंड भेजा गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कई खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच के दौरान कई पैकेटों पर आवश्यक लेबलिंग जानकारी भी नहीं मिली। वहीं घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग भी पाया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान के पीछे संचालित गोदाम को भी सील कर दिया गया है, जहां शनिवार को विस्तृत जांच की जाएगी। छापे की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घंटों तक कार्रवाई चलती रही।
पूरी कार्रवाई एसडीएम संजीव साहू के नेतृत्व में की गई। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जिले में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।