नीमच। आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमुनिया कला के औषधालय परिसर में शनिवार को योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों को योग के महत्व तथा नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विशेषज्ञों द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम एवं कपालभाति सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम में “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः, सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद् दुःखभाग्भवेत्” का संदेश देते हुए सभी को स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कुल 25 लाभार्थियों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में डॉ. विमला पाटीदार, श्रीमती भावना बैरागी, श्री विनीत सोनी, श्री आनंद शर्मा एवं श्रीमती श्वेता जोशी का विशेष सहयोग रहा।
आयुष विभाग द्वारा जिले में नियमित रूप से ऐसे योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को जीवनशैली जनित रोगों से बचाव एवं स्वस्थ जीवन हेतु प्रेरित किया जा रहा है।