खरगोन। जिले के बड़वाह नगर में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। जयंती माता रोड स्थित सीआईएसएफ की सुरक्षा बाउंड्री वॉल में लगा नुकीला सरिया एक किशोर के गले को चीरते हुए मुंह से बाहर निकल गया। गंभीर रूप से घायल बालक को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 2 निवासी करीब 15 से 16 वर्षीय किशोर टैटू पिता बलराम अन्य बच्चों के साथ सड़क पर खेल रहा था। इसी दौरान खेलते समय एक बच्चे की चप्पल सड़क किनारे बनी सीआईएसएफ की ऊंची सुरक्षा दीवार के उस पार जा गिरी। बच्चों की जिद पर टैटू चप्पल लेने के लिए दीवार के दूसरी ओर उतरा और चप्पल वापस फेंक दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वापस लौटते समय वह दीवार पर चढ़ रहा था, तभी पैर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ गया और दीवार में लगा नुकीला सरिया उसके गले और जबड़े को चीरता हुआ मुंह से बाहर निकल आया। घटना देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय रहवासियों महेश बृजवासी और नन्नी बाई ने बताया कि हादसे के बाद लोगों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत कर कटर मशीन की मदद से सरिए को काटा। इसके बाद मौके पर पहुंची 112 डायल पुलिस की सहायता से घायल बालक को बड़वाह सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं।