नीमच। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य सुचारू रूप से जारी है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में संचालित 31 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अब तक 9,162 किसानों से कुल 4,80,511.1 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है।
जिला आपूर्ति अधिकारी आर.एन. दिवाकर ने बताया कि कुल उपार्जित गेहूं में से 4,76,970.3 क्विंटल मात्रा परिवहन के लिए तैयार हो चुकी है, जबकि 4,56,691.8 क्विंटल गेहूं का परिवहन पूर्ण किया जा चुका है, जो कुल उपार्जन का लगभग 96 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि जिले के 12 उपार्जन केंद्रों पर 100 प्रतिशत परिवहन कार्य पूर्ण हो चुका है। इनमें समिति नेवड़, ध्रुव वेयरहाउस, संस्था चल्दू, वेदांता वेयरहाउस एवं समिति कंजार्डा, माहेश्वरी वेयरहाउस प्रमुख हैं। भुगतान के लिए 97 प्रतिशत प्रकरणों में स्वीकृति पत्रक जारी किए जा चुके हैं।
उपार्जित गेहूं के एवज में किसानों को समर्थन मूल्य के रूप में 1,24,21,21,183 तथा स्टेट बोनस के रूप में 1,92,20,443.84 सहित कुल 1,26,13,39,273 की राशि देय है। इसके विरुद्ध अब तक 1,02,15,72,456 की राशि किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है। जिले में औसत भुगतान 86 प्रतिशत से अधिक हो चुका है तथा शेष किसानों को भुगतान की प्रक्रिया निरंतर जारी है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा उपार्जन, परिवहन एवं भुगतान कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा समय-सीमा में शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन के अनुसार जिले में उपार्जन एवं भुगतान की प्रगति प्रदेश स्तर पर सराहनीय रही है।