मंदसौर। 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत शुक्रवार को सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मंदसौर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुष विभाग एवं मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया।
योग सत्र में मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. शशि गांधी, जिला आयुष अधिकारी डॉ. बिंदु ध्रुव, आयुष विभाग के चिकित्साधिकारी, मेडिकल कॉलेज के प्राध्यापकगण तथा करीब 150 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नियमित योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर योग के सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।
आयोजकों ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना है। योग दिवस को लेकर जिलेभर में विभिन्न जागरूकता एवं योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।