मंदसौर। विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेशभर के शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों में कार्यरत प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह प्रशिक्षण 6, 7 और 8 जुलाई 2026 को आयोजित होगा।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा यह पहल माननीय सर्वाेच्च न्यायालय के 25 जुलाई 2025 के निर्णय के अनुपालन में की जा रही है। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षण संस्थानों के कर्मचारियों को विद्यार्थियों में मानसिक तनाव, अवसाद एवं अन्य मनोवैज्ञानिक समस्याओं के प्रारंभिक संकेतों की पहचान करने तथा उन्हें समय पर उचित परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 6 जुलाई को शासकीय महाविद्यालयों, 7 जुलाई को निजी महाविद्यालयों तथा 8 जुलाई को विश्वविद्यालयों के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों, उनकी पहचान, आवश्यक सहयोग और संस्थागत स्तर पर अपनाए जाने वाले उपायों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सभी प्रतिभागियों को अपने-अपने संस्थान परिसर में एकत्रित कर एमएस-टीम्स के माध्यम से प्रशिक्षण से जोड़ा जाए। साथ ही प्रशिक्षण सत्र की फोटो एवं वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
विभाग का मानना है कि इस पहल से उच्च शिक्षा संस्थानों में अधिक संवेदनशील, सहयोगी और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण विकसित होगा तथा विद्यार्थियों को आवश्यकता पड़ने पर समय पर उचित मार्गदर्शन और सहायता मिल सकेगी।