नीमच। उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह एवं एडीजीपी राकेश कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिलों में वर्षाकाल के दौरान संभावित बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त सिंह ने निर्देशित किया कि वर्षा के दौरान पुल, पुलिया एवं रपटों पर जलभराव की स्थिति बनने पर यातायात रोकने के लिए आवश्यक स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाए जाएं तथा नामित चौकीदारों, होमगार्ड एवं अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी राहत एवं बचाव उपकरणों की समय-समय पर जांच कर उन्हें आपात स्थिति में उपयोग के लिए पूर्णतः तैयार रखने के निर्देश भी दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान नीमच एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एडीएम बीएस कलेश, डीएफओ एसके अटौदे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभागीय समन्वय और त्वरित कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।