खरगोन। आगामी मोहर्रम, गुरु पूर्णिमा एवं श्रावण मास के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर भव्या मित्तल ने की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सभी समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर भव्या मित्तल ने संबंधित विभागों को जुलूस मार्गों पर बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं शिवडोला समिति के अध्यक्ष ध्वनित लाल महाजन ने बताया कि इस वर्ष कुछ जुलूस मार्गों में परिवर्तन किया गया है। उन्होंने प्रशासन और सभी समुदायों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए शांतिपूर्ण आयोजन की अपील की।
बैठक में त्योहारों के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।