माउंट आबू। विश्व प्रसिद्ध दिलवाड़ा जैन मंदिर में 994वें वार्षिक उत्सव एवं ध्वजारोहण महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया है। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु माउंट आबू पहुंचे हैं। अनुमान है कि महोत्सव के दौरान एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
महोत्सव के पहले दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर विश्व के प्रख्यात जैन संत आचार्य हैमबल्लभ जी महाराज, महेंद्र सागर जी महाराज, मनीष सागर जी महाराज सहित कई संतों का सानिध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त हो रहा है।
संगमरमर पर बारीक नक्काशी और अद्भुत शिल्पकला के लिए प्रसिद्ध दिलवाड़ा जैन मंदिर विश्वभर में अपनी अनूठी वास्तुकला के कारण विशेष पहचान रखता है। यही वजह है कि यह महोत्सव न केवल श्रद्धालुओं बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक प्रवचन, पूजा-अर्चना और विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।