मुरैना। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के प्रथम आगमन पर युवाओं ने भव्य स्वागत किया। शहर में जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां हजारों कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान सोनू सिकरवार नेहरावली, अर्जुन घुरैया और अमन सिकरवार के नेतृत्व में भी युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
स्वागत कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने नीट परीक्षा को लेकर उठ रही शिकायतों पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। प्राप्त शिकायतों की विस्तृत जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। कांग्रेस केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रही है, जबकि भाजपा सरकार हर शिकायत पर संज्ञान लेकर पारदर्शी तरीके से कार्रवाई कर रही है।
रोजगार के मुद्दे पर बोलते हुए श्याम टेलर ने कहा कि प्रधानमंत्री की मुद्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार और स्टार्टअप के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। करोड़ों रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं, जिससे युवा नौकरी खोजने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और भारत आज अंतरिक्ष, कृषि, स्वास्थ्य, तकनीक और शिक्षा सहित हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि पूर्ववर्ती सरकारों और वर्तमान सरकार के कार्यकाल की तुलना की जाए तो वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उनका कहना था कि देश का युवा केवल महंगाई की चर्चा तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण और रोजगार सृजन में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।