मंदसौर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के सफल, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर कलेक्टर अदिति गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परीक्षा केंद्रों के एग्जाम कोऑर्डिनेटर एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्कता, पारदर्शिता और सुगमता के साथ परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिले में नीट परीक्षा चार केंद्रों- लाल बहादुर शास्त्री उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एवं राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय मंदसौर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में लगभग 1240 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
कलेक्टर ने बताया कि विद्यार्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि परीक्षा दोपहर 2 बजे से आयोजित होगी। उन्होंने अभिभावकों के लिए समुचित वेटिंग एरिया, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में वाहन पार्किंग एवं अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में चेकिंग व्यवस्था को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रखने, सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे संचालित रखने, कंट्रोल रूम की सतत निगरानी, बायोमेट्रिक ई-मशीनों के सुचारू संचालन तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परीक्षा की निगरानी के लिए मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग दल भी तैनात रहेगा।
कलेक्टर गर्ग ने स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक केंद्र पर मेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पावर बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोपहर 1 बजे के बाद किसी भी बाहरी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर संसाधनों की कमी होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए तथा सभी सेंटर कोऑर्डिनेटर परीक्षा संबंधी नियमों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और परीक्षा की निष्पक्षता प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।