नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राम भाटखेड़ी बुजुर्ग में नवीन आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण विधायक अनिरुद्ध माधव मारू द्वारा किया गया। ₹11.22 लाख की लागत से निर्मित इस भवन के शुरू होने से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा, पोषण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं और नवीन भवन से क्षेत्र के नौनिहालों को बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र मालवीय, मंडल पदाधिकारीगण, सरपंच मनोज पुरोहित, अनुविभागीय अधिकारी, जनपद पंचायत के सीईओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने भवन का लोकार्पण कर निरीक्षण किया तथा आशा व्यक्त की कि यह आंगनवाड़ी केंद्र क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा, पोषण एवं देखभाल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।