शाजापुर। शहर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए महूपुरा स्थित पटेलवाड़ी क्षेत्र में संचालित सट्टे के अड्डे पर दबिश दी। बंद दरवाजे के अंदर चल रहे इस अवैध कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम ने मौके से सट्टा पर्ची लिखते हुए चार आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से सट्टा पर्चियां, हजारों रुपये का हिसाब-किताब और नगदी बरामद की गई।
सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद शहर में अवैध सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।