देवास। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर हिंदू उत्सव समिति व महाराणा प्रताप सेना के तत्वावधान में आयोजित पारंपरिक ‘चेतक’ घुड़दौड़ प्रतियोगिता में ‘जोधा’ नामक घोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भोपाल बायपास स्थित सेंट्रल इंडिया स्कूल के सामने करीब एक किलोमीटर लंबी दौड़ में प्रदेशभर से आए 24 घोड़ों ने भाग लिया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शक्तिसिंह दरबार पटलावदा की घोड़ी ‘जोधा’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बेस ने बताया कि यह प्रतियोगिता महाराणा प्रताप के प्रिय अश्व ‘चेतक’ की वीरता, साहस और स्वामिभक्ति की स्मृति में पिछले 22 वर्षों से आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीणजन और शहरवासी मौजूद रहे।
विजेता को 11 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया, वहीं अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।