टीकमगढ़। सामाजिक वानिकी वृत्त सागर की टीकमगढ़ जिले में स्थित पिपरोट नर्सरी में शिव प्रतिष्ठा कार्यक्रम की भव्य शुरुआत मंगलवार 16 जून को कलश यात्रा के साथ हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ धार्मिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतिष्ठाचार्य उमाशंकर मिश्रा और यजमान पवन तिवारी के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हो रहा है। कलश यात्रा से पूर्व यजमान का प्रायश्चित स्नान और प्रायश्चित संकल्प कराया गया, जिसके बाद देव पूजन एवं वेद पाठ सम्पन्न हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली।
प्रतिष्ठाचार्य उमाशंकर मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार 17 जून को पीठ पूजन, अन्नादिवास और फलादिवास के कार्यक्रम सम्पन्न हुए। वहीं 18 जून को भगवान का घृतादिवास, मिष्ठान वास, सहस्त्रधारा स्नान एवं नेत्र उन्मीलन की धार्मिक क्रियाएं संपन्न होंगी।
कार्यक्रम का समापन 19 जून को अटल प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति और भंडारा प्रसादी वितरण के साथ किया जाएगा।