नीमच। महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी, नीमच द्वारा दिवाकर भवन में आयोजित सेवा एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम समाजसेवा, संवेदनशीलता और आत्मनिर्भरता का प्रेरक उदाहरण बन गया। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष रज़िया अहमद एवं उनके परिवार द्वारा स्वर्गीय शीरीन अहमद की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर पांच जरूरतमंद महिलाओं को पायदान सहित सिलाई मशीनें भेंट की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर के चित्र पर माल्यार्पण एवं महावीर इंटरनेशनल के गीत दिन-रात मेरी, सब सुखी संसार हो के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम में गवर्निंग काउंसिल सदस्य राकेश जैन, सूरजमल अग्रवाल, मनोहरलाल बंब, ओम तेलवाले, प्रदीप धाकड़ तथा सेवा भारती के नारायण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में क्लब अध्यक्ष रज़िया अहमद ने कहा कि महावीर इंटरनेशनल का उद्देश्य जरूरतमंद वर्ग को आत्मनिर्भर बनाना तथा सेवा कार्यों के माध्यम से मानवता और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने अपने कार्यकाल में किए गए विभिन्न सेवा कार्यों की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर गवर्निंग काउंसिल सदस्य राकेश जैन ने रज़िया अहमद एवं उनकी टीम द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सदस्यों ने रज़िया अहमद का सम्मान कर उनके सेवा कार्यों की अनुमोदना की।
कार्यक्रम का संचालन आशा सांभर ने किया। अंत में सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी की प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।