खरगोन। जिले के महेश्वर के करही में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 पेटी अवैध बीयर जब्त की है। शराब को ट्रैक्टर-ट्रॉली में मक्का की कड़प के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था, जबकि आगे चल रही ब्रेजा कार पायलेटिंग कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर ग्राम कतरगांव बड़ी नहर मार्ग पर नाकाबंदी कर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। चालक राजू कुशवाह निवासी इंदौर को गिरफ्तार किया गया, जबकि ब्रेजा चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने 103 पेटी माउंट बीयर, 44 पेटी बोल्ट सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर और 3 पेटी हंटर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर सहित कुल 1800 लीटर शराब, ट्रैक्टर-ट्रॉली और ब्रेजा कार जब्त की है। जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब 22.43 लाख रुपये बताई गई है।
मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। कार्रवाई का खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रूहल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।