नीमच। जावद तहसील के ग्राम कानका में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। बुधवार सुबह हुए हमले में गंभीर रूप से घायल हुई संपत बाई की उदयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे पहले उनके पति पूरणमल राठौर (तेली) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार तीन फीट जमीन के विवाद को लेकर सगे भाइयों के बीच चल रहा विवाद बुधवार को हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि पूरणमल पर खेत पर बुलाकर कुल्हाड़ी, लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला किया गया। हमले में पूरणमल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी संपत बाई और पुत्र जीवन गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, मुआवजा एवं बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर केंट थाने के पास हाईवे पर चक्काजाम कर दिया था। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद जाम समाप्त हुआ और शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 4 से 5 संदिग्धों को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि आधिकारिक गिरफ्तारी की पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं घायल पुत्र जीवन का उपचार जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।