चित्तौड़गढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत थाना शंभूपुरा पुलिस एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 32 ग्राम अवैध स्मैक बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं पुलिस उपाधीक्षक भदेसर विनोद कुमार के निर्देशन में शंभूपुरा थानाधिकारी धर्मराज मीणा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
डीएसटी से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजाद खान (39) पुत्र छोटे खान निवासी ऊंचा, रसीद खान (58) पुत्र अब्दुल गनी निवासी बिरियाखेड़ी हाल मुकाम ऊंचा तथा वसीम खान (38) पुत्र रसीद खान निवासी बिरियाखेड़ी हाल मुकाम ऊंचा, थाना सदर निम्बाहेड़ा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 32 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। साथ ही मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया। पुलिस ने स्मैक की सप्लाई करने वाले एवं मंगवाने वाले व्यक्तियों को भी नामजद कर लिया है।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस टीम-
थाना शंभूपुरा- थानाधिकारी धर्मराज मीणा, कांस्टेबल नरेश, मुकेश, रामकिशन, महेंद्र एवं योगेंद्र।
डीएसटी टीम- हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार सहित टीम के अन्य सदस्य।