शाजापुर। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप एवं महाराजा छत्रसाल की जयंती के अवसर पर समस्त राजपूत समाज द्वारा शाजापुर नगर में भव्य शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति और एकता का परिचय दिया।
शौर्य यात्रा का शुभारंभ महाराणा प्रताप छात्रावास, आदर्श कॉलोनी से हुआ। यात्रा में पूर्व विधायक जसवंत सिंह हाड़ा, योगेंद्र सिंह बंटी बना, रामवीर सिंह सिकरवार, प्रताप सिंह गोहिल, भंवर सिंह कनाड़िया सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों सहित सर्व समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर एवं स्वागत मंचों के माध्यम से भव्य स्वागत किया। महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल के जयघोषों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में युवाओं की टीम की विशेष भूमिका रही। हजारों समाजबंधुओं की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप प्रदान किया। इस दौरान वक्ताओं ने महाराणा प्रताप एवं महाराजा छत्रसाल के शौर्य, त्याग, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन संघर्ष, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी गाथा है, जो आज भी युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समस्त राजपूत समाज, सर्व समाज के नागरिकों, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया। यह जानकारी श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना शाजापुर के जिला अध्यक्ष कुंवर धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया ने दी।