चित्तौड़गढ़। जिले में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पारसोली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 टन अवैध बजरी से भरी पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर चालकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशन एवं डीएसपी बेगूं अंजली सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी ठाकराराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को थाना क्षेत्र के बिछोर गांव के बाहर गिट्टी केशरों के पास शंभूपुरा मार्ग पर नाकाबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में अवैध रूप से बजरी परिवहन करते हुए महेंद्र नायक (22) निवासी होड़ा खाचरोल, जिला भीलवाड़ा तथा महावीर सालवी (19) निवासी मेहताजी का खेड़ा, थाना बिगोद, जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान चालक बजरी परिवहन से संबंधित वैध अनुज्ञापत्र, रॉयल्टी रसीद अथवा ई-रवाना प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने मौके पर पांचों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ खनिज चोरी एवं अवैध परिवहन का मामला दर्ज किया है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।
पुलिस टीम में थानाधिकारी ठाकराराम, एएसआई देवलाल, गोविंद सिंह, रामदयाल, हेड कांस्टेबल चांदमल तथा कांस्टेबल राजेंद्र, रघुवीर, प्रमोद एवं राकेश शामिल रहे।