नीमच। शहर के बघाना थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। कृषि उपज मंडी की पुलिया के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे दोनों बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में 7 वर्षीय मासूम का पैर पंजे से अलग हो गया, जबकि उसकी बहन के पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार चौकन्ना बालाजी क्षेत्र निवासी संतोष बाई मंगलवार शाम खेत से कार्य कर अपने पोते शुभम (7) और पोती नेहा (12) के साथ पैदल घर लौट रही थीं। तीनों कृषि उपज मंडी के पास स्थित पुलिया से गुजर रहे थे, तभी तेज गति से आए एक ट्रक ने दोनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में कक्षा प्रथम के छात्र शुभम के पैर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया, जिससे उसका पंजा शरीर से अलग हो गया। वहीं कक्षा तृतीय की छात्रा नेहा के पैर में गंभीर चोटें आने से फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद शुभम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जबकि नेहा का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बघाना थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है तथा फरियादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।