नीमच। कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर पालिका कार्यालय नीमच में 18 जून को प्रातः 11 बजे से प्रधानमंत्री आवास एवं स्वनिधि लोक कल्याण मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में होगा।
इस मेले का उद्देश्य विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। मेले में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, राशन कार्ड, पेंशन योजनाएं, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किया जाएगा।
इसके साथ ही पोस्ट ऑफिस की योजनाएं, संत रविदास स्वरोजगार योजना, पशुपालन विभाग की योजनाएं तथा बैंकों के माध्यम से वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।