देवास। शहर के खारी बावड़ी रोड पर सोमवार को तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में करंट आने से एक सांड (नंदी महाराज) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। गौ रक्षा प्रमुख रमेश कौशल ने बताया कि स्थानीय लोगों से जानकारी मिली थी कि बारिश के दौरान बिजली के पोल में करंट फैल रहा है। इसी दौरान एक नंदी महाराज इसकी चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कार्यकर्ताओं ने नगर निगम को सूचना देकर वाहन बुलवाया और नंदी महाराज के अंतिम संस्कार की व्यवस्था करवाई। इस दौरान स्थानीय रहवासियों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि क्षेत्र में पहले भी करंट फैलने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
मौके पर कई जगह बिजली के तार लटके हुए भी दिखाई दिए, जिससे खतरा और बढ़ गया है। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए बिजली के पोलों पर फाइबर पाइप और अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी पशु या व्यक्ति की जान जोखिम में न पड़े।