मंदसौर। कृषि उपज मंडी क्षेत्र में अवैध कृषि उपज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत संभागीय निरीक्षण दल ने बिना आवश्यक अनुज्ञापत्र के गेहूं परिवहन करते एक वाहन को पकड़कर कार्रवाई की है।
मंडी सचिव लक्ष्मण सिंह ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान वाहन क्रमांक एमपी 43 जी 2153 को रोककर जांच की गई। वाहन में लगभग 120 क्विंटल गेहूं का परिवहन किया जा रहा था, लेकिन चालक द्वारा परिवहन से संबंधित आवश्यक कृषि उपज अनुज्ञापत्र प्रस्तुत नहीं किया गया।
नियमों के उल्लंघन पर निरीक्षण दल ने मौके पर पंचनामा तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई की। प्रकरण में पांच गुना मंडी शुल्क 22,230, निराश्रित शुल्क 2,964 तथा समझौता शुल्क 3,000 सहित कुल 28,194 की राशि वसूल की गई।
मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेजों के कृषि उपज का परिवहन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।