नीमच। शासकीय विवेकानंद पीजी कॉलेज की छात्राओं ने बालिका छात्रावास में प्रवेश दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में आवेदन सौंपा। दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं ने बताया कि प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर कॉलेज पहुंचना उनके लिए काफी कठिन हो रहा है।
छात्राओं ने आवेदन में बताया कि वे करीब 120 किलोमीटर दूर स्थित गांवों से उच्च शिक्षा के लिए नीमच आती हैं। रोजाना आवागमन में समय की बर्बादी, आर्थिक खर्च और सुरक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
छात्राओं का कहना है कि कॉलेज परिसर में बालिका छात्रावास उपलब्ध है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें छात्रावास में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उन्हें छात्रावास में स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर बेहतर तरीके से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
छात्राओं ने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों की बेटियों को यदि सुरक्षित आवास और अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा, तभी उच्च शिक्षा का उद्देश्य पूरा हो सकेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर छात्रावास में प्रवेश दिलाने की मांग की।