चित्तौड़गढ़। स्थानीय आईपीएस मेमोरियल फाउंडेशन के भजन गायकों द्वारा मधुबन स्थित हाथीकुंड मंदिर परिसर में आयोजित “एक शाम प्रभु के नाम” भजन संध्या में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। कलाकारों की सुंदर भजन प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
संस्थान की संचालिका भारती गहलोत ने बताया कि संस्थापक विजय मलकानी के नेतृत्व में आयोजित भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर हाथीकुंड मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ओम सुखवाल ने संस्थापक विजय मलकानी का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया और संस्थान द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
विजय मलकानी ने बताया कि संस्थान द्वारा निःशुल्क भजन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रमों में प्राप्त होने वाली चढ़ावे की राशि को भी भजन गायकों के माध्यम से किसी नेक कार्य में दान किया जाता है।
भजन संध्या में विजय मलकानी, प्रदीप ऋषि, राजेश व्यास, ओम पुनर, जगदीश बैरागी, परविंदर सलूजा, अधिवक्ता भारती गहलोत, पूनम कौर और व्याख्याता कल्पना गहलोत ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में हाथीकुंड मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, संस्थान संरक्षक डॉ. योगेश चंद्र व्यास, फुलवंत सिंह सलूजा, महेंद्र जोशी, जगदीश चंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में मधुबन एवं आसपास क्षेत्र के भजन प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता भारती गहलोत ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संस्थापक विजय मलकानी ने किया।