सरवानिया महाराज। भारत सरकार के नशा मुक्ति अभियान एवं मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत समता विद्यालय, सरवानिया महाराज में नशा मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय पुलिस चौकी की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मुख्य चौराहे और बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, शराब एवं मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। विद्यार्थियों ने लोगों से नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज को जागरूक करने की अपील की।
विद्यालय परिसर में आयोजित संकल्प सभा में सरवानिया पुलिस चौकी के सहायक उप निरीक्षक किशन सिंह परिहार एवं हेड मुहरीर गोविंद सिंह हाड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार को प्रभावित करता है। नशे की वजह से स्वास्थ्य, धन और सम्मान तीनों को नुकसान पहुंचता है।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने बताया कि आज का युवा धीरे-धीरे नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य और परिवार दोनों को संकट में डाल सकता है।
कार्यक्रम में कांस्टेबल विजय बहादुर, विजय सिंह और पुष्कर नागदा सहित विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष हिम्मत सिंह जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, अच्छे संस्कार और आत्मसंयम के माध्यम से व्यसनों से बचा जा सकता है। उन्होंने भगवान श्रीराम, भगवान महावीर स्वामी और भगवान ऋषभदेव के आदर्शों का उल्लेख करते हुए युवाओं से संयमित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर समता युवा जैन संघ द्वारा रैली में शामिल छात्र-छात्राओं के लिए पेयजल एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई। नगरवासियों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में प्रेरणादायक अभियान बताया।