चित्तौड़गढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला कलक्टर एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ‘राज उन्नति’ समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के बाद जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने डीओआईटी वीसी कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर मुख्यमंत्री के निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण किया जाए, जिससे लोगों को समय पर राहत मिल सके।
जिला कलक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में शेष जर्जर विद्यालय भवनों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर हटाने की कार्रवाई पूरी की जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दैनिक जनसुनवाई, रात्रि चौपाल और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदन पत्रों का निर्धारित समय सीमा में समाधान किया जाए।
बैठक में जिले में संचालित मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। इसके साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था की स्थिति पर भी चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दिनेश धाकड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अभिलेख) रामचंद्र खटीक, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपवन संरक्षक राहुल झांझड़िया, यूआईटी सचिव कैलाश गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।