चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद सी.पी. जोशी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मेवाड़ अंचल के रेल विकास एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में मिलने वाली रियायत को पुनः बहाल करने, चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन के उन्नयन, नई ट्रेनों के संचालन, रेलमार्ग के दोहरीकरण तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न मांगें रेल मंत्री के समक्ष रखीं।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि सांसद जोशी ने कोरोना काल से पूर्व वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में मिलने वाली छूट को पुनः लागू करने की मांग करते हुए कहा कि देशभर के लाखों वरिष्ठ नागरिक इस सुविधा से लाभान्वित होते थे। जनहित को ध्यान में रखते हुए इसे शीघ्र बहाल किया जाना चाहिए।
उन्होंने चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन नए भवन में यात्रियों की सुविधा के लिए एस्केलेटर एवं लिफ्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर पिटलाइन की स्वीकृति एवं निर्माण की मांग रखते हुए कहा कि रतलाम मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशन होने के बावजूद यहां पिटलाइन का अभाव नई ट्रेनों के संचालन में बाधक बना हुआ है। पिटलाइन के निर्माण से चित्तौड़गढ़ से कई नई ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा।
सांसद जोशी ने चित्तौड़गढ़-उदयपुर रेलमार्ग के शीघ्र दोहरीकरण की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि दक्षिणी राजस्थान का यह महत्वपूर्ण रेलमार्ग वर्तमान में एकल लाइन होने के कारण ट्रेनों के संचालन में विलंब होता है और यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। दोहरीकरण से रेल यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।
उन्होंने मेवाड़ क्षेत्र को अहमदाबाद, मुंबई सहित देश के अन्य प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए नई ट्रेनों एवं प्रीमियम ट्रेनों के संचालन का भी आग्रह किया, जिससे क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार, उद्योग एवं आम यात्रियों को सीधा लाभ मिल सके।
इसके अलावा सांसद जोशी ने रेलवे सुरक्षा एवं ग्रामीण संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न आवश्यक स्थानों पर रेलवे सड़क अंडरपास एवं ओवरब्रिज के निर्माण की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों एवं किसानों की आवाजाही सुगम होगी तथा रेल फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
सांसद जोशी ने क्षेत्रीय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के चित्तौड़गढ़ सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर ठहराव की मांग भी की।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद जोशी द्वारा उठाए गए सभी विषयों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। सांसद जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि इन मांगों के पूरा होने से चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे मेवाड़ में रेल सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा तथा यात्रियों, किसानों, उद्योग और पर्यटन क्षेत्र को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।