चित्तौड़गढ़। सालवी समाज चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में 13 सितंबर को बाबा रामदेव जी की 11वीं विशाल शोभायात्रा एवं तृतीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को ऋतुराज वाटिका में समाजजनों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
समाज के प्रवक्ता राजूलाल सालवी ने बताया कि इस वर्ष आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा, खेल, समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले समाजजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं, जिला एवं राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों, 15 या उससे अधिक बार रक्तदान करने वाले रक्तवीरों, नव नियुक्त राजकीय कर्मचारियों, सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों तथा समाज के भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों के गठन एवं जिम्मेदारियों का भी निर्धारण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक मदनलाल सालवी, हंसराज सालवी, रतनलाल सालवी, राजेंद्र कुमार सालवी, श्यामलाल सालवी सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सालवी, राजुलाल सालवी, दीपक सालवी, प्रहलाद सालवी, किशोर सालवी, देवकृष्ण सालवी, प्रभुलाल सालवी, शांतिलाल सालवी सहित सालवी महासभा चित्तौड़गढ़, पंच मेवाड़ सुधार समिति, सालवी समाज सावा चोखला, बाबा रामदेव मंदिर मंडल ट्रस्ट तथा समाज के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर बाबा रामदेव जी की शोभायात्रा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को सफल बनाने की अपील की।