शाजापुर। जिला जेल शाजापुर में पदस्थ उप जेल अधीक्षक दिलीप मंडलेकर को पदोन्नति प्राप्त हुई है। पदोन्नति के उपरांत वे अब जेल अधीक्षक (जेलर) के पद पर नियुक्त हुए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय पत्रकारों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पदोन्नति के अवसर पर जेल कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में पत्रकार दिलीप सौराष्ट्रीय, सैय्यद आफताब अली तथा समाजसेवी सारिक खान सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने मंडलेकर को पुष्पमाला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
दिलीप मंडलेकर बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास संबंधी कार्यों के लिए विशेष पहचान रखते हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न जेलों में बंदियों को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास और सामाजिक पुनर्वास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
उनका प्रयास सदैव यही रहा है कि माननीय न्यायालय द्वारा निर्धारित सजा पूर्ण करने के पश्चात बंदी समाज की मुख्यधारा से सम्मानपूर्वक जुड़ सकें और एक बेहतर एवं आत्मनिर्भर जीवन व्यतीत कर सकें। बंदियों के प्रति उनकी संवेदनशील कार्यशैली और सुधारात्मक दृष्टिकोण को व्यापक सराहना मिलती रही है।
जेल अधीक्षक पद पर पदोन्नति के बाद मंडलेकर ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी सुधारात्मक न्याय की भावना के अनुरूप अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते रहेंगे।