शाजापुर। थाना सुनेरा पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में करीब पांच साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी स्थाई वारंटी आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शाजापुर के निर्देश पर जिले में फरार आरोपियों एवं स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी शाजापुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुनेरा उपनिरीक्षक अंकित मुकाती के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
थाना सुनेरा में पॉक्सो एक्ट एवं दुष्कर्म के प्रकरण में वर्ष 2022 से फरार चल रहे आरोपी देवकरण पिता लालजीराम, उम्र 35 वर्ष, निवासी धामन्दा, जिला राजगढ़ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को गुजरात रवाना किया गया। टीम ने साइबर सेल की मदद एवं लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को वाकानेर (मोरबी), गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनेरा उपनिरीक्षक अंकित मुकाती, प्रधान आरक्षक महेश मालवीय, आरक्षक नवीन नागर सहित साइबर सेल प्रभारी विकास तिवारी एवं उनकी टीम के आरक्षक घनश्याम राजपूत, आरक्षक राजेश दांगी और आरक्षक अनिल सक्सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।