मंदसौर। वर्षाकाल में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल, गरोठ में विशेष डेंगू जागरूकता एवं प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को डेंगू सहित अन्य वेक्टर जनित बीमारियों के प्रति जागरूक कर बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, फाइलेरिया (हाथी पांव) एवं जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम मच्छरों के लार्वा को नष्ट कर प्रभावी रूप से की जा सकती है। इसके लिए घरों के भीतर एवं बाहर रखे पानी के बर्तनों और कंटेनरों को प्रत्येक 5 से 6 दिनों में पूरी तरह खाली कर साफ करने तथा उनमें नया पानी भरने की सलाह दी गई। साथ ही छतों, पुराने टायरों, गमलों एवं टूटे-फूटे बर्तनों में पानी जमा नहीं होने देने की अपील की गई।
स्वास्थ्य दल ने मच्छरों से व्यक्तिगत बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें, घर से बाहर निकलते समय पूरी बांह के कपड़े पहनें तथा घरों में मच्छर भगाने वाले साधनों का उपयोग करें। खिड़कियों एवं दरवाजों पर मच्छररोधी जाली लगाने की भी सलाह दी।