मंदसौर। कलेक्टर अदिति गर्ग ने ठोस एवं अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सीतामऊ एवं सुवासरा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक कचरा संग्रहण वाहन पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
सीतामऊ स्थित नटनागर शोध संस्थान तथा शासकीय महाविद्यालय सुवासरा में आयोजित बैठकों के दौरान कलेक्टर गर्ग ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। इसके लिए सबसे पहले नागरिकों को कचरे के पृथक्करण की प्रक्रिया एवं उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने नगर परिषदों को निर्देश दिए कि स्वच्छता से जुड़े कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि वे नागरिकों को भी प्रभावी रूप से जागरूक कर सकें।
कलेक्टर ने कहा कि घर-घर से गीले एवं सूखे कचरे का पृथक संग्रहण सुनिश्चित किया जाए तथा नागरिकों को स्रोत स्तर पर ही कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की सक्रिय भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर प्रीति संघवी, सीतामऊ एसडीएम शिवानी गर्ग, तहसीलदार, सीतामऊ एवं सुवासरा के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, दोनों नगर परिषदों के अध्यक्ष, समाजसेवी एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी पालन एवं स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प व्यक्त किया।