मुरैना। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संचालित ष्नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0ष् अभियान के तहत गुरुवार को मुरैना पुलिस परेड ग्राउंड में जिले का सबसे बड़ा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, होमगार्ड, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, विशेष सशस्त्र बल तथा पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने सहभागिता कर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विशाल मानव श्रृंखला के निर्माण से हुई, जहां सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया। इसके बाद पुलिस परेड ग्राउंड में वृक्षारोपण किया गया तथा अभियान के अंतर्गत आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चंबल संभाग के आयुक्त सुरेश कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार जैन, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना, जिला पंचायत सीईओ कमलेश भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपाली चंदौरिया सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जनजागरूकता रैली को रवाना किया।
रैली पुलिस परेड ग्राउंड से प्रारंभ होकर एम.एस. रोड, बिस्मिल संग्रहालय और राधिका पैलेस रोड होते हुए पुनः परेड ग्राउंड पहुंची। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नशे से दूरी है ज़रूरी, नशा छोड़ो-स्वस्थ युवा, सशक्त भारत जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अभियान की विशेष टी-शर्ट और कैप भी वितरित की गई। आयोजन का उद्देश्य युवाओं और समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश देना रहा।