नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को धर्मस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले के शासनाधीन मंदिरों के प्रबंधन, विकास एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी देवस्थानों से संबंधित लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण तथा मंदिरों के सुव्यवस्थित संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के शासनाधीन मंदिरों में पुजारियों के रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों को नियमानुसार समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही नीमच, मनासा एवं जावद तीनों अनुविभागों में 10-10 प्रमुख मंदिरों का चयन कर उनकी प्रबंध समितियों का गठन करने के निर्देश दिए, जिससे मंदिरों का संचालन अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से किया जा सके।
कलेक्टर चंद्रा ने मंदिर परिसरों में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा आवश्यकता अनुसार नए कैमरे स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मंदिरों के विकास, रखरखाव एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी एवं सुनियोजित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मंदिर प्रांगणों के विकास कार्यों तथा मंदिरों की भूमि के संरक्षण एवं प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम मनासा किरण अंजाना, एसडीएम जावद संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे एवं श्रुति भयड़िया सहित जिले के सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।