निवाड़ी। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) की परीक्षा में प्रदेश की मेरिट सूची में पांचवां स्थान हासिल करने वाले जिले के मेधावी छात्र आयुष चौरसिया को श्शिवलाल उत्कृष्ट सम्मान से सम्मानित किया गया। शिवलाल अग्रवाल एंड कंपनी की ओर से आयोजित समारोह में उन्हें ₹5,100 की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र और सम्मान-पत्र प्रदान किया गया।
सीमित संसाधनों के बीच हासिल की बड़ी सफलता
आयुष के पिता एक निजी होटल में इलेक्ट्रिशियन हैं। आर्थिक संसाधन सीमित होने के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर आयुष ने प्रदेश की मेरिट सूची में पांचवां स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
सम्मान समारोह में विद्यालय के प्राचार्य, वार्ड पार्षद, समाज के गणमान्य नागरिक और कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मान ग्रहण करने के बाद आयुष ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए विषयों की अवधारणा (कॉन्सेप्ट) स्पष्ट होना सबसे जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें इतने बेहतर परिणाम की उम्मीद नहीं थी।
शिक्षकों का भी हुआ सम्मान
समारोह में आयुष के साथ उनकी सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों में शिक्षकों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण होता है और ऐसे सम्मान शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं।
मेधावी विद्यार्थियों के लिए बनी प्रेरणा
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान केवल एक छात्र की उपलब्धि नहीं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का माध्यम बनता है। ऐसे सम्मान यह विश्वास जगाते हैं कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत और लगन से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।