मनासा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा के नेतृत्व में लोकतंत्र, संविधान एवं छात्रों के अधिकारों की रक्षा को लेकर आज विशाल विरोध प्रदर्शन एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवा साथियों, महिलाओं, किसानों एवं छात्रों सहित सैकड़ों कांग्रेसजन शामिल हुए।
विरोध प्रदर्शन का आरंभ कारगिल चौराहा, मंडी गेट, मनासा से हुआ। इसके पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालते हुए केंद्र सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी की। रैली कोर्ट प्रांगण के बाहर पहुँची, जहाँ परीक्षा संबंधी अनियमितताओं, छात्रों के साथ कथित अन्याय तथा विपक्षी नेताओं एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के प्रति दमनात्मक रवैये के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
इसके उपरांत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पहुँचकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे, परीक्षा संबंधी अनियमितताओं एवं व्यवस्थागत विफलताओं पर संसद में चर्चा कराने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों एवं प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी एफआईआर एवं प्रकरण वापस लेने की मांग की गई।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी निरंतर संघर्षरत रहेगी। देश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा, शहर कांग्रेस कमेटी मनासा, समस्त मंडलम इकाइयों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस, सोशल मीडिया विभाग, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ सहित कांग्रेस के विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।