शाजापुर। शहर में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहर में बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं। इसको लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर चोरों की तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान पुलिस टीम ने रूलकी कंजर डेरे पर दबिश देकर आरोपी विकास पिता ओमप्रकाश कंजर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
फिलहाल आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है, जिससे अन्य चोरी की घटनाओं और साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।