उज्जैन। महाकाल मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले एक गार्ड पर ड्यूटी समाप्त होने के बाद चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना महाकाल थाना क्षेत्र स्थित मंदिर की पार्किंग में हुई। हमले में घायल गार्ड को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस तीन आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, महाकाल मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्ड आकाश ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर जाने के लिए पार्किंग क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान हार-फूल की दुकान लगाने वाले तीन युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद आरोपियों के भागने का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक हाथ में चाकू लेकर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
सीएसपी दीपक सिंह ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।