चित्तौड़गढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी एवं कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 35 ग्राम अवैध चरस एवं 4.170 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में एक अन्य आरोपी को नामजद करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में शुक्रवार को कोतवाली थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस ने चंदेरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बोदियाना निवासी तथा वर्तमान में वर्धमान नगर, चित्तौड़गढ़ स्थित किराए के मकान में रह रहे गोविंद जाट (वयस्क) के मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 35 ग्राम अवैध चरस एवं 4.170 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी नामजद किया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मादक पदार्थों के स्रोत एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी एसआई श्यामलाल, एएसआई हरफूल मीणा, कांस्टेबल दिनेश एवं हरिसिंह सहित डीएसटी टीम के हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल राजदीप सिंह, दुर्गाराम, विक्रम, विजय एवं दीपक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।