चित्तौड़गढ़। सामाजिक संगठन एकल अभियान के तत्वावधान में पांच दिवसीय वार्षिक आचार्य अभ्यास वर्ग का शुभारंभ 23 जुलाई 2026 को बाहेतियों की गली स्थित मानधना भवन में हुआ। वर्ग का शुभारंभ एकल अभियान की संभाग महिला समिति अध्यक्षा प्रेम मानधना ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिला संगठन मंत्री संजय शर्मा ने बताया कि हाल ही में एकल अभियान के नवीन आचार्यों का 10 दिवसीय प्राथमिक प्रशिक्षण वर्ग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था। इसके उपरांत चित्तौड़ जिले के पूर्व प्रशिक्षित आचार्यों के लिए पांच दिवसीय वार्षिक अभ्यास वर्ग आयोजित किया जा रहा है, जिसमें उन्हें संगठन के उद्देश्यों एवं पंचमुखी शिक्षा के विभिन्न आयामों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अपने उद्बोधन में प्रेम मानधना ने कहा कि एकल अभियान भारत को परम वैभव के शिखर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। पंचमुखी शिक्षा के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य साकार किया जा रहा है। उन्होंने आचार्य बहनों से पूरे मनोयोग, समर्पण और लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अंचल महिला उपाध्यक्षा चन्द्रकान्ता लड्ढा, अंचल महिला समिति सचिव गीता खटोड़, अंचल महिला संगठन (मंत्री) प्रभारी पुष्पा मालु एवं अंचल महिला समिति सदस्य कौशल्या आगाल सहित संगठन के पदाधिकारी एवं आचार्य बहनें उपस्थित रहीं।