नीमच। जिले के ग्राम अठाना निवासी एक दिव्यांग किसान ने अपने खेत तक जाने का रास्ता कथित रूप से बंद किए जाने की शिकायत लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। किसान का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने खंभे और तार लगाकर उसके खेत तक पहुंचने का मार्ग अवरुद्ध कर दिया है, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पीड़ित किसान रज्जब अली ने जनसुनवाई में प्रस्तुत आवेदन में बताया कि गांव के ही अख्तर हुसैन, फईमन बानु और बेगम निशा द्वारा उनके खेत के सामने खंभे एवं तार लगाकर आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है। इसके कारण उन्हें खेत तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रज्जब अली ने आवेदन में उल्लेख किया है कि वे पैर से दिव्यांग हैं। ऐसे में खेत तक पहुंचना उनके लिए पहले से ही चुनौतीपूर्ण है, वहीं रास्ता बंद होने से उनकी समस्या और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि रास्ता अवरुद्ध होने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान की आशंका भी है।
दिव्यांग किसान ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर खेत तक पहुंचने का रास्ता तत्काल खुलवाने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पीड़ित किसान को प्रशासनिक हस्तक्षेप और न्यायपूर्ण समाधान का इंतजार है।