नीमच। नीमच शहर स्थित परफेक्ट ऑनलाइन सेंटर के संचालक नेपाल सिंह चंद्रावत ने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर सार्वजनिक नाली बंद करने, जल निकासी बाधित करने एवं सड़क पर अतिक्रमण किए जाने के मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके समीप निर्माणाधीन मकान के दौरान सार्वजनिक नाली को बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही दुकान के सामने ब्लॉक लगाए जाने से वर्षा का पानी जमा हो रहा है, जिससे उनकी दुकान सहित आसपास के क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि इससे आमजन को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फरियादी ने यह भी आरोप लगाया कि सड़क पर निर्माण सामग्री रखे जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री से संबंधित वैधानिक अनुमति एवं रॉयल्टी दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है।
नेपाल सिंह चंद्रावत ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर सार्वजनिक नाली को पुनः सुचारु कराने, अतिक्रमण हटाने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।