नीमच/सरवानियां महाराज। आंगनवाड़ी केंद्रों में मध्यान्ह भोजन का संचालन करने वाले महिला स्व-सहायता समूहों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जनसुनवाई में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
ज्ञापन में समूह संचालकों ने कहा कि मध्यान्ह भोजन पकाने की लागत राशि समय पर उपलब्ध नहीं होने से योजना के संचालन में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही रसोइयों का मानदेय बढ़ाने और खाद्यान्न का नियमित आवंटन सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रसोइयों के जून माह के 15 दिनों का मानदेय पिछले दो वर्षों से लंबित है, जिसे तत्काल जारी किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि समय पर भुगतान नहीं होने से समूह संचालकों और रसोइयों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, जिससे योजना का सुचारू संचालन प्रभावित हो रहा है।
महिला स्व-सहायता समूह संगठन ने प्रशासन से मांग की कि लागत राशि का समय पर भुगतान, खाद्यान्न की नियमित उपलब्धता तथा लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आंगनवाड़ी मध्यान्ह भोजन योजना बिना किसी बाधा के संचालित हो सके।
इस दौरान स्व-सहायता समूह संगठन की जिला सचिव आशा शर्मा (मालखेड़ा), जिला उपाध्यक्ष विद्या बाई पुरोहित (राजपुरिया), साधना बैरागी (कुकड़ेश्वर) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।