उज्जैन। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, उज्जैन जोन, उज्जैन ने मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत प्रदेशवासियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह विशेष जन-जागरूकता अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशे के घातक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज की स्थापना करना है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नशा मुक्ति केवल पुलिस या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का साझा दायित्व है। यदि समाज का प्रत्येक नागरिक नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और युवाओं को इससे दूर रखने का संकल्प ले, तो नशामुक्त मध्यप्रदेश का सपना साकार किया जा सकता है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने आमजन से आह्वान किया कि वे नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान से जुड़कर स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से ही स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।